पाबंदी के बावजूद पाकिस्तान में भारत से आयात 69 फीसदी उछला
पिछले साल हुए पहलगाम हमले के बाद से भले ही व्यापार पर औपचारिक पाबंदी लगी हुई है, लेकिन 2026-27 की पहली तिमाही में पाकिस्तान का भारत से आयात 69 फीसदी बढ़कर 5,876 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस समय पाकिस्तान भारत को कुछ भी निर्यात नहीं कर रहा है, जिससे यह पूरा व्यापार एकतरफा ही बना हुआ है।
सालाना 10 अरब डॉलर के व्यापार का अनुमान
भारत के कुछ सामान, जैसे दवाएं, प्लास्टिक और केमिकल पाबंदी से बचने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सिंगापुर जैसे देशों से होकर चोरी-छिपे पाकिस्तान पहुंच रहे हैं।
जानकारों का मानना है कि यह अनौपचारिक व्यापार हर साल 10 अरब डॉलर (करीब 950 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है। सामान को दूसरे देशों से घुमाकर और फिर से लेबल लगाकर बेचने पर भी पाकिस्तानी खरीदारों को इसके लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय सामान की मांग काफी मजबूत बनी हुई है।
अगर, कभी दोनों देशों के बीच सीधा व्यापार फिर से शुरू हो जाए तो यह भारतीय निर्यातकों के लिए एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है।