Loading...
P&G में छंटनी की तैयारी, 30 प्रतिशत तक घट सकती हैं नौकरियां
P&G में छंटनी की तैयारी

P&G में छंटनी की तैयारी, 30 प्रतिशत तक घट सकती हैं नौकरियां

Nov 20, 2026
07:04 pm

क्या है खबर?

टाइड और जिलेट जैसे उत्पाद बनाने वाली कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल (P&G) छंटनी कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी दशक के आखिर तक मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कर्मचारियों की संख्या 20 से 30 फीसदी तक घटाने की योजना बना रही है। इस फैसले के दायरे में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारी भी आएंगे। कंपनी के चीफ प्रोडक्ट सप्लाई ऑफिसर ल्यूक रेनर्ट ने गुरुवार को निवेशकों के सामने इसकी जानकारी दी है।

लक्ष्य

2030 तक 10 अरब डॉलर बचाने का लक्ष्य

कंपनी ने 2030 तक अपनी उत्पादकता बढ़ाकर कुल 10 अरब डॉलर की बचत करने का लक्ष्य रखा है।

इसके पीछे बढ़ती लागत और ग्राहकों की घटती खरीदारी प्रमुख वजहें हैं। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई के कारण कंपनी पर आर्थिक दबाव बना हुआ है।

P&G ने पिछले महीने बताया था कि मौजूदा वित्त वर्ष में कच्चे माल और दूसरी जरूरी वस्तुओं की बढ़ी कीमतों से उसे करीब 1.4 अरब डॉलर का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।

तैयारी

ऑटोमेशन के जरिए कामकाज में बदलाव की तैयारी

P&G अपने कई कामों में मशीनों और स्वचालित तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा रही है।

कंपनी अब तक 15 ऐसी लॉजिस्टिक्स सुविधाएं शुरू कर चुकी है, जहां नियमित कामकाज के लिए कर्मचारियों की जरूरत बहुत कम है। आने वाले वर्षों में ऐसी और इकाइयां शुरू करने की योजना है।

कंपनी को उम्मीद है कि इस बदलाव से 2030 तक उत्पादकता में 20 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इससे कर्मचारियों को दूसरे जरूरी और अधिक उपयोगी कामों में लगाया जा सकेगा।

ADVERTISEMENT

बदलाव

मुनाफे पर दबाव के बीच कारोबार में बदलाव

P&G ने पिछले साल भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना घोषित की थी।

इसके तहत 2 वर्षों में करीब 7,000 कार्यालय कर्मचारियों की नौकरियां कम की जानी हैं। कंपनी ने पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे कुछ देशों में अपना उत्पादन और व्यावसायिक कामकाज भी बंद किया है।

जून में खत्म हुए पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की कमाई सिर्फ एक फीसदी बढ़ी थी, जो 2016 के बाद सबसे कम सालाना बढ़ोतरी रही।

ADVERTISEMENT