ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म को 6,650 करोड़ रुपये के IPO के लिए मिली मंजूरी
क्या है खबर?
ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म को अपने IPO के लिए भारतीय बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। यह कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कंपनी ने दिसंबर, 2025 में गोपनीय तरीके से अपना ड्राफ्ट दस्तावेज जमा किया था। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी नए शेयर जारी करके लगभग 6,650 करोड़ रुपये जुटाने की योजना पर काम कर रही है।
लक्ष्य
7-8 अरब डॉलर मूल्यांकन का लक्ष्य
जानकारी के मुताबिक, प्रिज्म अपने IPO के दौरान 7-8 अरब डॉलर (लगभग 660-760 अरब रुपये) के मूल्यांकन का लक्ष्य रख रही है। कंपनी अब एक अपडेटेड ड्राफ्ट दस्तावेज जमा करेगी, जिसे सार्वजनिक किया जाएगा और उस पर निवेशकों से सुझाव मांगे जाएंगे। बताया जा रहा है कि कंपनी जुलाई की शुरुआत तक यह प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। हालांकि, अंतिम समय और बाजार में लिस्टिंग का फैसला उस समय की बाजार स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।
बाजार
प्रीमियम होटल और नए बाजारों पर फोकस
पिछले कुछ समय में कंपनी ने भारत, अमेरिका और यूरोप जैसे बाजारों में विस्तार पर जोर दिया है। ओयो ने प्रीमियम होटल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है और कई नए ब्रांडों पर ध्यान दिया है। इसके अलावा, यूरोप के अपने ब्रांड डैनसेंटर के जरिए वेकेशन रेंटल कारोबार को भी आगे बढ़ाया गया है। भारत में कंपनी धार्मिक पर्यटन वाले शहरों में भी तेजी से अपनी पहुंच बढ़ाने पर काम कर रही है।
अन्य'
टेक सेक्टर के बड़े IPO में हो सकती है गिनती
विशेषज्ञों का मानना है कि यह भारत के सबसे बड़े नई तकनीक आधारित IPO में से एक हो सकता है। ऐसे समय में यह कदम सामने आया है जब कई बड़ी इंटरनेट कंपनियां अपनी लिस्टिंग योजनाओं को टाल चुकी हैं। कंपनी ने हाल ही में SEBI के पूर्व चेयरमैन अजय त्यागी को स्वतंत्र निदेशक बनाया है। वहीं रेटिंग एजेंसियों को उम्मीद है कि कंपनी की कमाई और परिचालन प्रदर्शन में आगे और सुधार देखने को मिल सकता है।