ओरिएंट केबल्स के शेयर लिस्टिंग पर 65 फीसदी उछले, फिर 10 फीसदी आई गिरावट
ओरिएंट केबल्स की शेयर बाजार में शुरुआत काफी दमदार रही। मंगलवार (6 अक्टूबर) को कंपनी का शेयर 450 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो इसकी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) कीमत 272 रुपये से 65 फीसदी ज्यादा था।
हालांकि, लिस्टिंग के बाद इसमें 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 364.50 रुपये पर आ गया। इसके बावजूद, यह दाम उन शुरुआती निवेशकों के लिए लगभग 34 फीसदी ज्यादा है, जिन्होंने IPO में पैसे लगाए थे।
IPO लगभग 97 गुना हुआ सब्सक्राइब
यह IPO निवेशकों के बीच जबरदस्त लोकप्रिय रहा और लगभग 97 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ। ओरिएंट केबल्स टेलीकॉम और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे तेजी से बढ़ते सेक्टर में काम करती है।
कंपनी की फैक्ट्रियां राजस्थान और बेंगलुरु में हैं। वित्त वर्ष 2025 में इसकी कुल आय 832 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2026 में 42 फीसदी बढ़कर 1,182 करोड़ रुपये हो गई।
हालांकि, इस दौरान उसका मुनाफा करीब 54 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा। कंपनी ने बताया है कि वह IPO से मिले पैसों का इस्तेमाल अपने विस्तार और कर्ज चुकाने के लिए करेगी। इन कदमों से उसको भविष्य में और भी ज्यादा ग्रोथ हासिल करने में मदद मिल सकती है।