ओनली से खाना मंगाना होगा महंगा, 30 नवंबर से लगेगा डिलीवरी चार्ज
क्या है खबर?
रैपिडो का फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म ओनली बेंगलुरु में 30 नवंबर से ग्राहकों से डिलीवरी चार्ज वसूलना शुरू करेगा। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शुल्क ऑर्डर की दूरी के आधार पर तय किया जाएगा और इसका भुगतान ग्राहकों को करना होगा। कंपनी ने रेस्टोरेंट संचालकों को भेजे संदेश में इसकी जानकारी दी है। हालांकि, इस बदलाव से रेस्टोरेंट को मिलने वाले भुगतान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी का कहना है कि इससे ऑर्डर की संख्या प्रभावित हो सकती है।
चार्ज
कितने रुपये देना होगा डिलीवरी चार्ज?
ओनली के मौजूदा नियमों के मुताबिक, 99 रुपये से कम के ऑर्डर पर 25 रुपये डिलीवरी चार्ज लिया जा रहा है।
वहीं, 7 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर डिलीवरी के लिए 70 रुपये तक शुल्क लग सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 99 रुपये से ज्यादा के ऑर्डर पर फिलहाल डिलीवरी मुफ्त रहेगी।
प्लेटफॉर्म ग्राहकों से अलग से पैकेजिंग या प्लेटफॉर्म शुल्क नहीं वसूल रहा है।
वजह
क्यों शुरू कर रहा है कंपनी डिलीवरी चार्ज?
ओनली ने शुरुआत में ज्यादा ग्राहकों को जोड़ने के लिए डिलीवरी समेत दूसरे अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाए थे।
कंपनी ने खुद को स्विगी और जोमैटो के सस्ते विकल्प के रूप में पेश किया था। इसका मॉडल रेस्टोरेंट से कमीशन नहीं लेने पर आधारित है। हालांकि, खाने की डिलीवरी में लगने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है।
ऐसे में कंपनी अब ग्राहकों से कुछ लॉजिस्टिक्स खर्च वसूलकर अपने कारोबार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना चाहती है।
कारोबार
तेजी से बढ़ रहा है ओनली का कारोबार
ओनली ने बेंगलुरु में अपने कारोबार का विस्तार किया है और अगस्त तक यहां रोजाना 50,000 से ज्यादा ऑर्डर मिलने की खबर थी।
कंपनी हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों में भी अपनी सेवाएं बढ़ा चुकी है। रैपिडो अपने मौजूदा डिलीवरी राइडर्स के नेटवर्क का इस्तेमाल यात्रियों, खाने और पार्सल पहुंचाने के लिए कर रहा है।
अब डिलीवरी शुल्क लागू होने से यह पता चलेगा कि ग्राहक कम कीमत के विकल्प के लिए अतिरिक्त शुल्क कितना स्वीकार करते हैं।