AI की होड़ में लिए भारी कर्जे ने बढ़ाई ओरेकल की चिंता
ओरेकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बड़े कदम बढ़ा रहा है, लेकिन इस पर जमकर खर्च करने के लिए वह भारी कर्ज ले रहा है।
इसी वजह से उसकी क्रेडिट रेटिंग 'जंक' दर्जे के ठीक ऊपर आ गई है। रॉयटर्स ने 5 अगस्त को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट जैसे बड़े टेक दिग्गजों के मुकाबले ओरेकल के पास नकद पूंजी सीमित है। यही वजह है कि वह लंबे समय की लीज और भारी कर्ज पर निर्भर है।
S&P ने घटाई ओरेकल की रेटिंग
ओरेकल के नए आंकड़े बताते हैं कि उसका फ्री कैश फ्लो नकारात्मक है और डेट-टू-EBITDA अनुपात 4.3 पर पहुंच गया है, जो उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से कहीं ज्यादा है।
इसी कारण S&P ने जुलाई में उसकी रेटिंग घटा दी, जबकि मूडीज ने कंपनी के बढ़ते कर्ज पर चिंता जाहिर की है। जून से अब तक उसके शेयरों की कीमत में 50 फीसदी की गिरावट आई है और बॉन्ड यील्ड 7 से 8 फीसदी तक पहुंच गई है।
विश्लेषक अगले साल के लिए ओरेकल की 95 अरब डॉलर (करीब 9,000 अरब रुपये) की खर्च योजनाओं को लेकर काफी चिंतित हैं।
इसके अलावा, कंपनी के बचे हुए करार का करीब आधा हिस्सा OpenAI के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट्स से संबंधित है। अगर, ओरेकल इसी तरह उधार लेता रहा तो भविष्य में उसकी क्रेडिट रेटिंग में और भी गिरावट आ सकती है।