OpenAI की कमाई की रफ्तार हुई धीमी, दूसरी तिमाही में 18 फीसदी बढ़ी
OpenAI की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में इसकी आय में 18 फीसदी का इजाफा हुआ है, जो 5.7 अरब डॉलर (करीब 540 अरब रुपये) से बढ़कर 6.7 अरब डॉलर (करीब 630 अरब रुपये) पर पहुंच गई है।
इस धीमी ग्रोथ से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है, खासकर तब जब प्रतिद्वंद्वी एंथ्रोपिक तेजी से आगे बढ़ रही है और 130 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है।
GPT-5.6 लॉन्च निवेशकों को लुभाने में नाकाम
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी ने अपने नए GPT-5.6 मॉडल पेश किए और कीमतों में भी भारी कटौती (80 फीसदी तक की छूट) की, ताकि अपने कारोबार को बढ़ा सके, लेकिन निवेशकों पर इसका खास असर नहीं पड़ा।
दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी एंथ्रोपिक ने कमाई में 130 फीसदी की जबरदस्त उछाल दर्ज की है। उसने मुनाफा भी कमा लिया है और अब जल्द ही अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है, जबकि OpenAI के IPO के लिए तो 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है।
हालांकि, ब्लूमबर्ग ने पिछले सप्ताह अपनी रिपोर्ट में बताया था कि इस साल सैम ऑल्टमैन की कंपनी को कुल लगभग 40 अरब डॉलर (करीब 3,800 अरब रुपये) की कमाई होने का अनुमान है, जो पिछले साल से दोगुनी होगी, लेकिन साफ दिख रहा है कि AI की दौड़ अब और ज्यादा कड़ी होती जा रही है।