OpenAI की वरिष्ठ अधिकारी फिजी सिमो ने दिया इस्तीफा, अब स्वास्थ्य पर देंगी ध्यान
क्या है खबर?
OpenAI की वरिष्ठ अधिकारी फिजी सिमो ने तीन महीने की मेडिकल लीव के बाद अपनी फुल-टाइम जिम्मेदारी छोड़ने का फैसला किया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन के बाद उन्हें सबसे अहम अधिकारियों में माना जाता था। अब वह OpenAI में पार्ट-टाइम सलाहकार की भूमिका निभाएंगी। सिमो ने बताया कि पुरानी बीमारी के गंभीर होने के बाद उन्हें इलाज और पूरी तरह ठीक होने पर ध्यान देना जरूरी हो गया है।
जिम्मेदारी
OpenAI में संभाल रही थीं अहम जिम्मेदारी
सिमो मई, 2025 में OpenAI से एप्लिकेशन की CEO के रूप में जुड़ी थीं। इससे पहले वह कंपनी के बोर्ड की सदस्य भी रह चुकी थीं। OpenAI में वह ChatGPT समेत कई प्रमुख उत्पादों और कारोबार से जुड़े कामों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। इस साल उनकी भूमिका बदलकर आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) डिप्लॉयमेंट की CEO कर दी गई थी। कंपनी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका मानी जाती रही है।
बीमारी
पहले भी बता चुकी हैं अपनी बीमारी
सिमो ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से एक पुरानी न्यूरोइम्यून बीमारी से जूझ रही हैं। अप्रैल में उन्होंने इलाज के लिए मेडिकल लीव लेने की जानकारी भी दी थी। उनके अनुसार, बीमारी से पूरी तरह उबरने में उम्मीद से अधिक समय लगेगा। उन्होंने कहा कि इस बार वह अपनी सेहत को सबसे पहले रखने का फैसला कर रही हैं, ताकि पूरी तरह स्वस्थ होकर आगे काम कर सकें।
जिम्मेदारियां
अब दूसरे अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारियां
रिपोर्ट के अनुसार, सिमो की जिम्मेदारियां अब जल्द ही OpenAI के दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बांटी जाएंगी। बता दें कि कंपनी ने आज (10 जुलाई) ही अपना नया GPT-5.6 मॉडल और ChatGPT वर्क नाम का नया AI टूल भी लॉन्च किया है। इसके साथ OpenAI ने अपने डेस्कटॉप ब्राउजर एटलस को बंद करने और उसकी कई सुविधाओं को नए ChatGPT डेस्कटॉप ऐप में शामिल करने की भी घोषणा की है।