OpenAI को 1.34 लाख करोड़ रुपये की मिली फंडिंग, कंपनी ने घटाया मूल्यांकन
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने 11 अरब डॉलर (करीब 1.34 लाख करोड़ रुपये) की नई फंडिंग हासिल कर ली है। यह उस फंडिंग राउंड का शुरुआती हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी का मूल्यांकन 1,250 अरब डॉलर (करीब 1.15 लाख अरब रुपये) आंका गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को कंपनी को फंड ट्रांसफर कर दिया गया, जबकि इस राउंड का बाकी हिस्सा 20 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) तक आने वाले सप्ताहों में पूरा होने की उम्मीद है।
योजना
पहले 1,400 अरब डॉलर रखा था मूल्यांकन
ब्लूमबर्ग न्यूज ने शुक्रवार (6 नवंबर) को इस फंडिंग के बारे में जानकारी दी थी। निवेशकों ने बताया कि सॉफ्टबैंक और MGX ने इस फंडिंग में हिस्सा लिया।
OpenAI ने शुरुआत में लगभग 1,400 अरब डॉलर (करीब 1.3 लाख अरब रुपये) के मूल्यांकन पर 30 अरब डॉलर (करीब 2,800 अरब रुपये) से अधिक जुटाने की योजना बनाई थी, लेकिन AI से जुड़े शेयरों में भारी बिकवाली और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च को लेकर निवेशकों की चिंताओं के बीच कटौती करनी पड़ी।
गिरावट
इस कारण मूल्यांकन में आई गिरावट
AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर किए जा रहे भारी खर्च को लेकर चिंताएं हैं और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद डाटा सेंटर बनाने के काम में नई रुकावटें आने की आशंका है। इस कारण निवेशकों में धारणा ठंडी पड़ी है।
कुछ निवेशकों ने प्रतिस्पर्धी कंपनी एंथ्रोपिक के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) का मूल्यांकन लगभग 1,500 अरब डॉलर (करीब 1.4 लाख अरब रुपये) आंका है, जो पहले की लगभग 2,000 अरब डॉलर (करीब 1.9 लाख अरब रुपये) की उम्मीदों से कम है।