OpenAI IPO में हो सकती है देरी, सैम ऑल्टमैन और सारा फ्रायर के बीच मतभेद
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI जल्द ही अपना IPO लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इस तैयारी के बीच कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन और मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) सारा फ्रायर के बीच मतभेद सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के अंदर इस बात को लेकर अलग-अलग राय है कि IPO कब लाया जाए और क्या अभी कंपनी इसके लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं।
चिंता
तैयारियों को लेकर CFO की चिंता
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रायर का मानना है कि कंपनी अभी IPO के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी कई जरूरी प्रोसेस, नियम और आंतरिक तैयारियां बाकी हैं। इन कामों को पूरा किए बिना पब्लिक होना जोखिम भरा हो सकता है। उनका कहना है कि कंपनी को पहले अपनी वित्तीय और ऑपरेशनल स्थिति मजबूत करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
कारण
भारी खर्च और निवेश बना चिंता का कारण
कंपनी के बढ़ते खर्च भी इस विवाद की बड़ी वजह बन रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI आने वाले समय में क्लाउड और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रहा है। इसके चलते कैश बर्न बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा, अमेजन और एनवीडिया जैसी बड़ी कंपनियों से मिलने वाली फंडिंग और सप्लाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे कंपनी के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर दबाव पड़ सकता है।
रणनीति
रणनीति पर अलग सोच
जहां ऑल्टमैन IPO को जल्द लाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं, वहीं सारा फ्रायर इस पर सावधानी बरतने की सलाह दे रही हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ अहम फैसलों में CFO को शामिल नहीं किया गया। हालांकि, कंपनी की ओर से कहा गया है कि दोनों लीडर्स बड़े स्तर पर रणनीति को लेकर एकमत हैं। कंपनी के दोनों अधिकारियों के बीच मतभेद से इसके IPO लॉन्च में देरी होने की आशंका जताई जा रही है।