OpenAI ने एलन मस्क की AI कंपनी से मांगा कानूनी खर्च
OpenAI ने एक संघीय अदालत से गुहार लगाई है कि एलन मस्क की AI स्टार्टअप xAI उसे 10 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) से ज्यादा का कानूनी खर्च दे।
यह मांग तब की गई है, जब इस साल की शुरुआत में xAI की तरफ से ChatGPT निर्माता के खिलाफ दायर ट्रेड सीक्रेट्स का मुकदमा खारिज कर दिया गया था।
उसका तर्क है कि मस्क की कंपनी ने बिना किसी ठोस सबूत के उसे अदालत में घसीटा, जिसके चलते उसे काफी खर्च उठाना पड़ा।
बढ़ते मुकदमों ने बढ़ाई OpenAI की चिंता
xAI ने OpenAI पर आरोप लगाया था कि वह कर्मचारियों को अपने पाले में कर रही है और उन्हें गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए उकसा रही है।
हालांकि, अदालत ने सबूतों की कमी के चलते इस मामले को खारिज कर दिया। सैम ऑल्टमैन की कंपनी ने इस मुकदमे को आधारहीन बताया। उसका कहना था कि xAI ने इसे तब दायर किया था, जब उसके पास कोई ठोस सबूत या आधार नहीं था। हारने के बावजूद मस्क की कंपनी ने अपील करने का संकेत दिया है।
इसी बीच, ऐपल ने भी OpenAI पर मुकदमा दायर किया है। उसका आरोप है कि AI कंपनी इंजीनियरिंग डिजाइन और प्रोडक्ट प्लान से जुड़ी गोपनीय जानकारियों के लीक को बढ़ावा दे रही है। एक के बाद एक मुकदमों के सामने आने से कंपनी पर कानूनी दबाव बढ़ता जा रहा है। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब उसकी जल्द ही आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है।