OpenAI और एंथ्रोपिक की IPO से पहले भारी निवेश-ग्रेड रेटिंग पर नजर
OpenAI और एंथ्रोपिक अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) से पहले निवेश-ग्रेड क्रेडिट रेटिंग पाने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। ऐसा करने से वे 11,700 अरब डॉलर (करीब 11 लाख अरब रुपये) के बड़े कॉर्पोरेट बॉन्ड बाजार तक पहुंच बना पाएंगे।
इससे उन्हें ज्यादा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए कम ब्याज पर पैसा मिल पाएगा। मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स जैसे बड़े बैंक उन्हें फिच, मूडीज और S&P जैसी बड़ी रेटिंग एजेंसियों से रेटिंग दिलवाने में मदद कर रहे हैं।
दोनों कंपनियों को माना जाता है ज्यादा जोखिम वाला
इन दोनों कंपनियों को ज्यादा जोखिम वाले कर्जदार के तौर पर देखा जाता है। इसी वजह से इन्हें कर्ज देने वाले भी कम ही मिलते हैं। अगर, उन्हें निवेश-ग्रेड का दर्जा मिल जाता है तो वे पेंशन फंड और बीमा कंपनियों जैसे बड़े निवेशकों से भी पैसा जुटा पाएंगे। आमतौर पर ऐसे निवेशक ज्यादा जोखिम वाले स्टार्टअप्स को फंडिंग नहीं देते।
यहां तक कि एनवीडिया ने OpenAI के एक डाटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए 105 अरब डॉलर (करीब 9,900 अरब रुपये) तक का क्रेडिट सपोर्ट दिया है।
इतना ही नहीं दोनों कंपनियों को अपने IPO की तैयारी के लिए ओरेकल, गूगल और ब्रॉडकॉम जैसे बड़े तकनीकी दिग्गजों का भी साथ मिला हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, एंथ्रोपिक कम से कम 2,000 अरब डॉलर (1.9 लाख अरब रुपये) के मूल्यांकन पर विचार कर रही है।