ग्लास वॉल सिस्टम्स के शेयराें में पहले ही दिन 13 फीसदी से ज्यादा उछाल
ग्लास वॉल सिस्टम्स ने शेयर बाजार में अपने पहले ही दिन कमाल कर दिया। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 194 रुपये पर खुले, जो इसके इश्यू प्राइस 182 रुपये से ज्यादा था।
दिनभर के कारोबार में ये 13 फीसदी से भी ज्यादा चढ़ गए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर भी शेयर 190.10 रुपये पर शुरू हुए और बाद में 206.85 रुपये तक पहुंचे। इस तरह शुरुआती निवेशकों को अच्छी कमाई हुई।
81 गुना से ज्यादा मिले सब्सक्राइबर
कंपनी का IPO बहुत लोकप्रिय रहा। इसे 81 गुना से ज्यादा सब्स्क्राइब किया गया, जिसका मतलब है कि शेयरों की मांग उनकी उपलब्धता से कहीं ज्यादा थी।
इसमें संस्थानिक निवेशकों ने सबसे आगे बढ़कर हिस्सा लिया, जिन्होंने करीब 168 गुना सब्स्क्रिप्शन किया। खुदरा और गैर-संस्थानिक निवेशकों ने भी इसमें खूब दिलचस्पी दिखाई।
कंपनी इन पैसों का इस्तेमाल महाराष्ट्र में एक नई ग्लास प्रोसेसिंग यूनिट बनाने और अपनी बाकी कारोबारी जरूरतों को पूरा करने में करेगी।
विशेषज्ञों ने निवेशकों दी सलाह
स्वास्तिका इंवेस्टमार्ट की वेल्थ हेड शिवानी न्याति का कहना है कि ग्लास वॉल सिस्टम्स अपने प्रोजेक्ट्स को कैसे अंजाम देती है और रियल एस्टेट की मांग पर उसकी क्या पकड़ है? इस पर नजर रखनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कंपनी का काम प्रोजेक्ट पूरे करने, रियल एस्टेट की मांग और विदेशों में कारोबार से सीधे तौर पर जुड़ा है।
अगर, अब निवेश करने की सोच रहे हैं तो शिवानी न्याति ने 178 रुपये पर स्टॉप लॉस लगाने की सलाह दी है, ताकि नुकसान से बचा जा सके।