कैबिनेट ने SME ग्रोथ फंड की स्थापना के लिए दी 10,000 करोड़ रुपये की मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) ग्रोथ फंड (SGF) बनाने के लिए सरकार की 10,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता को मंजूरी दी। इसका मकसद SMEs के लिए विकास-उन्मुख पूंजी को बढ़ावा देना और मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन-आधारित सेक्टर और रणनीतिक वैल्यू चेन में बेहतरीन भारतीय उद्यमों के उभरने में मदद करना है।
इस पहल का जिक्र वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 में सबसे पहले किया था। इसका मकसद इक्विटी निवेश और पेशेवर मार्गदर्शन देकर SME को तरक्की करने का सच्चा मौका देना है।
'विकसित भारत 2047' लक्ष्य को मिलेगी मजबूती
यह अहम पहल 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके तहत भारत के एंटरप्रेन्योरशिप इकोसिस्टम को मजबूत किया जाएगा, ग्रोथ-स्टेज वाली कंपनियों के लिए घरेलू कैपिटल मार्केट को और बेहतर बनाया जाएगा और ऐसी भारतीय कंपनियों की एक नई पीढ़ी तैयार की जाएगी, जो वैश्विक स्तर पर मुकाबला करने में सक्षम हों।