Page Loader
ओला-उबर चालकों की हड़ताल खत्म, यूनियन ने किया काम पर लौटने का आग्रह 
ओला-उबर चालकों की हड़ताल 3 दिन बाद समाप्त हो गई है (तस्वीर: एक्स/@AshishG1988)

ओला-उबर चालकों की हड़ताल खत्म, यूनियन ने किया काम पर लौटने का आग्रह 

Jul 19, 2025
03:18 pm

क्या है खबर?

ओला और उबर जैसे एग्रीगेटर्स के कैब चालकों ने मुंबई महानगर क्षेत्र और अन्य शहरों में 3 दिन से चल रही हड़ताल वापस ले ली है। इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स (IFT) के अध्यक्ष प्रशांत सावरदेकर ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार समाधान नहीं निकालती और मांगें पूरी नहीं करती है तो वे फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके साथ ही यूनियन ने कैब चालकों से काम पर वापस लौटने का अनुरोध किया है।

विरोधाभास 

हड़ताल खत्म करने को लेकर विरोधाभास 

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ चालकों और यूनियंस ने विरोध-प्रदर्शन को आगे बढ़ाने का समर्थन किया, लेकिन अधिकांश अपनी आय पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंतित हैं। इस कारण वे राज्य सरकार को उनकी मांगों पर विचार करने के लिए कुछ समय देना चाहते हैं। महाराष्ट्र के परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी शुक्रवार (18 जुलाई) को यूनियंस के साथ चर्चा की और उनसे विरोध-प्रदर्शन बंद कर हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया था।

मांग 

कैब चालक कर रहे ये मांगें

कैब चालक एग्रीगेटर कैब नीति का तत्काल क्रियान्वयन, काली-पीली टैक्सियों के साथ समान किराया, ऐप-आधारित बाइक और ऑटो पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं। साथ ही गुरुवार को शुरू किए गए टोल-फ्री शिकायत नंबर- 1800220110 को वापस लेने की गुहार लगा रहे हैं, जो ग्राहकों को सवारी न मिलने की शिकायत करने की सुविधा देता है। इसके अलावा, हाल में नालासोपारा में एक कैब चालक की आत्महत्या के बाद वित्तीय कठिनाइयों के बारे में आशंका व्यक्त की है।