ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में 7.5 फीसदी का उछाल, जानिए क्या है इसकी वजह
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में बुधवार (5 अगस्त) को 7.5 फीसदी का उछाल आया और वे 41.41 रुपये पर पहुंच गए।
यह उछाल एक्सिस एनर्जी के साथ उसकी साझेदारी के बाद आया है। इस नई साझेदारी का लक्ष्य 2032 तक 20GWh क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) को बाजार में लाना है।
यह ओला के एनर्जी प्लेटफॉर्म 'ओला महाशक्ति' के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे 15 अगस्त को लॉन्च करने की तैयारी है।
एक्सिस एनर्जी करेगी ओला के बैटरी सिस्टम का इस्तेमाल
एक्सिस एनर्जी अपने आंध्र प्रदेश और राजस्थान के रिन्यूएबल ऊर्जा प्रोजेक्ट्स में ओला के बैटरी सिस्टम का इस्तेमाल करेगी। यह कदम स्वच्छ ऊर्जा के प्रयासों को बल देगा।
ओला के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक भाविश अग्रवाल ने बताया कि यह समझौता 'महाशक्ति' की क्षमता को शुरुआती तौर पर साबित करता है। उन्होंने एक्सिस एनर्जी को कंपनी का पहला बड़ा पार्टनर बताया।
अग्रवाल ने कहा कि भारत में बैटरी स्टोरेज की मांग 2032 तक 400GWh से भी ज्यादा होने का अनुमान है, ऐसे में कई और कंपनियां भी इस साझेदारी में रुचि दिखा रही हैं।
हालांकि, शेयरों में उछाल के बावजूद ओला के शेयर 2024 में बने अपने 157 रुपये के उच्चतम स्तर से अब भी काफी नीचे हैं।