अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत से कच्चे तेल के दाम गिरे
सोमवार सुबह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। इसकी वजह स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच हुई शुरुआती बातचीत मानी जा रही है।
इसका मुख्य उद्देश्य ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाना था। इस बातचीत के बाद ब्रेंट क्रूड 1.40 प्रतिशत गिरकर 78.93 डॉलर (करीब 7,500 रुपये) पर पहुंच गया, वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) की कीमत 0.26 प्रतिशत घटकर 65.65 डॉलर (करीब 6,200 रुपये) हो गई।
MCX पर भारतीय क्रूड फ्यूचर्स में गिरावट
भारतीय क्रूड फ्यूचर्स में भी नरमी आई। MCX पर जुलाई के अनुबंध 1.47 प्रतिशत गिरकर 7,155 रुपये पर पहुंच गए, जबकि अगस्त के अनुबंध 1.28 प्रतिशत घटकर 7,107 रुपये पर आ गए।
ईरानी अधिकारियों ने यह तो कहा कि तेल निर्यात पर लगी कुछ पाबंदियां हट सकती हैं और जमे हुए फंड भी जारी हो सकते हैं, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
दूसरी तरफ, राष्ट्रपति ट्रंप ने लेबनान में ईरान की गतिविधियों को लेकर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में लगातार बने जोखिमों को देखते हुए कोई स्थायी समझौता कर पाना मुश्किल होगा।