भारतीय शेयर बाजार ने अक्टूबर में एशिया-प्रशांत से किया बेहतर प्रदर्शन
अक्टूबर का महीना भारतीय शेयर बाजार के लिए बहुत अच्छा रहा है। इस दौरान भारतीय शेयरों ने जापान को छोड़कर पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र (MXAPJ) के शेयर बाजारों से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया।
गोल्डमैन सैक्स रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर ज्यादा निर्भर उत्तरी एशियाई बाजारों से अपना निवेश हटाकर भारत के IT सर्विस क्षेत्र की ओर मोड़ दिया।
इसी के चलते भारतीय बाजार में एक बड़ी हलचल देखने को मिली और निवेशकों की दिलचस्पी केवल AI पर काम करने वाली कंपनियों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि दूसरे क्षेत्रों में भी फैल गई।
कंपनियों की कमाई में उछाल
भारतीय बाजार ने एशिया-प्रशांत इंडेक्स (जापान को छोड़कर) को 7 प्रतिशत अंकों से पछाड़ दिया। इस तरह इसने साल की शुरुआत में हुई गिरावट से वापसी की।
इस बढ़त में IT सर्विस कंपनियों के शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने निफ्टी से 14 अंक ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनियों की कमाई भी खूब बढ़ी। मॉर्गन स्टेनली कैपिटल इंटरनेशनल (MSCI) इंडिया की लगभग 89 कंपनियों ने अपने मुनाफे में सालाना आधार पर 15 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की।
धातु, खनन, उपयोगिता (यूटिलिटी) और स्वास्थ्य सेवा (हेल्थकेयर) जैसे क्षेत्रों ने खास तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया, वहीं सीमेंट, सामग्री और उपभोक्ता विवेकाधीन (कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी) कंपनियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध खरीदार बन गए। 30 अक्टूबर को खत्म हुए सप्ताह में उन्होंने 1.2 अरब डॉलर (करीब 110 अरब रुपये) का निवेश किया, जबकि पूरे साल के दौरान बाजार से पैसा निकलने का सिलसिला जारी था। इस दौरान निफ्टी में 2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।