एनवीडिया CEO जेंसेन हुआंग ने AI को बताया अमेरिका में नई औद्योगिक क्रांति
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अमेरिका में अगली औद्योगिक क्रांति की शुरुआत कर सकता है।
हाल ही में एक एक्स पोस्ट में उन्होंने गैविन बेकर से सहमति जताई। बेकर ने कहा था कि अच्छी तरह से बनाए गए डाटा सेंटर समाज को काफी फायदा पहुंचा सकते हैं।
हुआंग ने बताया कि कैसे AI नई नौकरियां पैदा कर रहा है? इसके चलते पुरानी पड़ चुकी बिजली ग्रिड और सस्टेनेबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) में बड़े निवेश हो रहे हैं।
साथ ही, ऊर्जा संयंत्रों, चिप फैब्स और डाटा सेंटर्स में निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग की नई नौकरियां भी बन रही हैं।
स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काम करने पर जोर
हुआंग ने बताया कि केवल 6 महीनों में AI स्टार्टअप्स में 400 अरब डॉलर (करीब 38,000 अरब रुपये) का भारी निवेश आया है। उनके मुताबिक, यह दिखाता है कि चीजें कितनी तेजी से बदल रही हैं।
हालांकि, सभी लोग इससे सहमत नहीं हैं। AI से नौकरियों पर पड़ने वाले असर और पर्यावरण को लेकर चिंताएं भी जताई जा रही हैं। गैविन बेकर ने माना कि डाटा सेंटर्स द्वारा बड़ी मात्रा में संसाधनों का इस्तेमाल करने को लेकर पहले जो चिंताएं थीं, वे जायज थीं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कई नए प्रोजेक्ट इन समस्याओं को हल करने पर काम कर रहे हैं।
हुआंग ने इस बात पर जोर दिया कि कंपनियों को स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर काम करना चाहिए, ताकि उनके गृहनगरों में निर्माण हो सके, उनका भरोसा जीता जा सके और स्थानीय लोगों को इसका फायदा मिल सके।