एनवीडिया के लिए AI के क्षेत्र में भारी निवेश का दांव पड़ रहा भारी
चिप निर्माता एनवीडिया अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल बनाने वाली कंपनियों, डाटा सेंटर चलाने वाली फर्मो और नियोक्लाउड्स में पैसा लगा रही है। यह केवल फंडिंग ही नहीं दे रही, बल्कि ग्राहकों को लोन दिलाने में मदद कर रही है या उन्हें वित्तीय गारंटी भी दे रही है, लेकिन अब कंपनी के लिए रास्ते थोड़े मुश्किल दिख रहे हैं।
क्रेडिट की शर्तें सख्त होने के कारण कोरवीव, नेबियस और IREN जैसी नियोक्लाउड कंपनियों के शेयर इस महीने कम से कम 30 फीसदी तक नीचे आ चुके हैं।
यहां तक कि कोरवीव जैसी कंपनी का क्रेडिट रिस्क भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निवेशक परेशान हैं।
नियोक्लाउड्स के साथ किए 36 अरब डॉलर के सौदे
एनवीडिया ने नियोक्लाउड्स के साथ कुल 36 अरब डॉलर (करीब 3,400 अरब रुपये) के सौदे किए हैं। इतना ही नहीं उसने OpenAI के एक डाटा सेंटर के लिए 105 अरब डॉलर (करीब 9,900 अरब रुपये) तक की गारंटी भी दी है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का कहना है कि कंप्यूटिंग पावर की आसमान छूती मांग को पूरा करने के लिए यह सपोर्ट देना जरूरी है।
फिर भी कुछ विश्लेषकों को चिंता है कि एनवीडिया बहुत ज्यादा जोखिम उठा रही है। कंपनी अब केवल चिप्स बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि AI की दुनिया में एक बड़ी वित्तीय सहायता देने वाली फर्म बन गई है।