एनवीडिया जल्द OpenAI में निवेश कर सकती है 1,800 अरब रुपये, सौदा पूरा होने के करीब
क्या है खबर?
चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI में बड़ा निवेश कर सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह निवेश करीब 20 अरब डॉलर (लगभग 1,800 अरब रुपये) तक हो सकता है। अगर यह सौदा पूरा होता है, तो यह OpenAI में अब तक के सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जाएगा। ChatGPT जैसी AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच यह कदम AI सेक्टर में एनवीडिया की भूमिका को और मज़बूत कर सकता है।
रणनीति
AI सेक्टर में बढ़ता निवेश और रणनीति
एनवीडिया और OpenAI दोनों ही मौजूदा AI बूम के अहम हिस्से हैं। एनवीडिया के चिप्स का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर AI मॉडल ट्रेन करने में होता है, जबकि OpenAI AI सॉफ्टवेयर और टूल्स के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस निवेश से दोनों कंपनियों के बीच सहयोग और गहरा हो सकता है। इससे AI इंफ्रास्ट्रक्चर, कंप्यूटिंग क्षमता और नई तकनीकों के विकास को और रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
अन्य कंपनियां
अन्य टेक कंपनियां भी निवेश में आगे
OpenAI में निवेश को लेकर दूसरी बड़ी टेक कंपनियां भी आगे बढ़ रही हैं। अमेजन करीब 4,500 अरब रुपये तक के निवेश की योजना पर काम कर रही है, जबकि सॉफ्टबैंक लगभग 2,700 अरब रुपये का निवेश कर सकता है। कुल मिलाकर OpenAI इस दौर में करीब 9,000 अरब रुपये तक की फंडिंग जुटाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह निवेश AI रिसर्च, डाटा सेंटर और नई सेवाओं के विस्तार में इस्तेमाल किया जा सकता है।
भविष्य
AI भविष्य को लेकर भरोसा और संकेत
एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग पहले ही संकेत दे चुके हैं कि यह निवेश कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से अहम है। उन्होंने कहा है कि AI आने वाले समय की सबसे बड़ी तकनीक है। OpenAI और एनवीडिया का यह कदम दिखाता है कि बड़ी टेक कंपनियां AI को भविष्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मान रही हैं। आने वाले समय में इसका असर टेक इंडस्ट्री, जॉब मार्केट और डिजिटल सेवाओं पर साफ दिख सकता है।