LOADING...
एनवीडिया बढ़ा सकती है OpenAI में अपना निवेश, CEO जेन्सेन हुआंग ने दिए संकेत
एनवीडिया बढ़ा सकती है OpenAI में अपना निवेश

एनवीडिया बढ़ा सकती है OpenAI में अपना निवेश, CEO जेन्सेन हुआंग ने दिए संकेत

Feb 01, 2026
10:13 am

क्या है खबर?

चिप निर्माता दिग्गज एनवीडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI में अपना निवेश बढ़ाने की योजना बना रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग ने कहा है कि कंपनी OpenAI के नए फंडिंग राउंड में बड़ी रकम लगाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि यह निवेश अब तक का सबसे बड़ा हो सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों कंपनियों के बीच निवेश को लेकर चर्चाएं दोबारा तेज हुई हैं।

चर्चा

पुरानी डील पर फिर हुई चर्चा

इससे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया था कि एनवीडिया और OpenAI 100 अरब डॉलर (लगभग 9,000 अरब रुपये) की पुरानी डील पर दोबारा विचार कर रही हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि यह बातचीत शुरुआती स्तर से आगे नहीं बढ़ पाई थी। सितंबर में दोनों कंपनियों ने मिलकर 10 गीगावाट क्षमता वाले AI डाटा सेंटर बनाने की योजना की घोषणा की थी, जिसका पहला चरण 2026 में शुरू करने का लक्ष्य था।

समझौते

नॉन-बाइंडिंग समझौते की बात

वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, हुआंग ने निजी तौर पर कहा था कि यह समझौता बाध्यकारी नहीं था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि हुआंग ने OpenAI के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए और उसमें अनुशासन की कमी की बात कही। इन खबरों के बाद बाजार में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या एनवीडिया वाकई इतनी बड़ी राशि निवेश करेगी या योजना में बदलाव हो सकता है।

Advertisement

अफवाह

हुआंग ने अफवाहों को बताया गलत

ब्लूमबर्ग के अनुसार, हुआंग ने इन सभी रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है। उन्होंने ताइपे में पत्रकारों से कहा कि उन्हें OpenAI पर पूरा भरोसा है और वह इसे मौजूदा दौर की सबसे अहम कंपनियों में से एक मानते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने साफ किया कि एनवीडिया का निवेश बहुत बड़ा होगा, लेकिन यह रकम 100 अरब डॉलर के आसपास नहीं होगी, जैसा कि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है।

Advertisement