एनवीडिया ने करीब 570 अरब रुपये में खरीदा AI स्टार्टअप पूलसाइड
एनवीडिया ने हाल ही में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप पूलसाइड के साथ 6 अरब डॉलर (करीब 570 अरब रुपये) का बड़ा समझौता किया है।
इस सौदे से एनवीडिया को पूलसाइड की तकनीक तक पहुंच मिलेगी। साथ ही उसके 100 से ज्यादा कर्मचारी भी जुड़ेंगे, जिनमें ज्यादातर इंजीनियर हैं। इसके अलावा, वह इस स्टार्टअप एक अरब डॉलर (करीब 90 अरब रुपये) का अतिरिक्त निवेश भी कर रही है। इस निवेश के बाद AI स्टार्टअप का मूल्यांकन 12 अरब डॉलर (करीब 1,100 अरब रुपये) हो गया है।
नेमोट्रॉन कोएलिशन हुआ और मजबूत
यह नया कदम एनवीडिया के नेमोट्रॉन कोएलिशन को और मजबूती देता है। इस गठबंधन की शुरुआत इसी साल मिस्ट्रल और परप्लेक्सिटी जैसी कंपनियों के साथ हुई थी।
इसका मुख्य उद्देश्य ओपन-सोर्स AI मॉडल्स के क्षेत्र में अमेरिका को डीपसीक और मूनशॉट जैसी बड़ी चीनी कंपनियों से बेहतर मुकाबला करवा पाना है।
इस डील से वह अब ऐसे सस्ते और लचीले AI मॉडल्स बना पाएगी, जो OpenAI जैसी कंपनियों के महंगे और क्लोज-सिस्टम्स से काफी अलग और ज्यादा सुलभ होंगे।
मेमोरी के दाम बढ़ने से सर्वर होंगे महंगे
यह सौदा ऐसे समय में हुआ है, जब मेमोरी चिप्स के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी वजह AI डाटा सेंटर्स की बढ़ती हुई भारी मांग है। इससे अगले साल कंपनी के सर्वर का खर्च बढ़ सकता है। 26 अगस्त को इसके वित्तीय नतीजे आने वाले हैं। ऐसे में निवेशक करीब से नजर रख रहे हैं कि ये बदलाव AI सेक्टर में उसकी बादशाहत की दौड़ पर क्या असर डालते हैं।