एनवीडिया के 3.5 अरब डॉलर के निवेश से मीडियाटेक के शेयर 10 फीसदी उछले
एनवीडिया ने हाल ही में मीडियाटेक में 3.5 अरब डॉलर (करीब 330 अरब रुपये) के निवेश का ऐलान किया, जिसके बाद कंपनी के शेयर 10 फीसदी तक उछल गए।
यह अमेरिका से बाहर एनवीडिया का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। इस समझौते से उसको ऐसे बॉन्ड खरीदने की छूट मिलती है, जो बाद में मीडियाटेक के शेयरों में बदल सकते हैं।
यह पूरा मामला 31 अगस्त को घोषित 3.9 अरब डॉलर (करीब 370 अरब रुपये) की एक बड़ी बॉन्ड बिक्री का ही एक हिस्सा है।
साझा करेंगी एक-दूसरी की तकनीक
इस निवेश के तहत दोनों कंपनियां मिलकर काम करेंगी, जहां एनवीडिया की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विशेषज्ञता और मीडियाटेक की चिप डिजाइन कौशल एक साथ आएंगे। मीडियाटेक, एनवीडिया का एनवीलिंक फ्यूजन प्लेटफॉर्म अपनाएगी। इससे दिग्गज कंपनियों और क्लाउड प्रदाताओं को ऐसे कस्टम प्रोसेसर बनाने का प्रमाणित रास्ता मिलेगा, जो सीधे एनवीडिया के रैक-स्केल AI सिस्टम से जुड़ सकें।
AI कंपनी का लक्ष्य है कि वह इस साल अपने AI चिप बिजनेस से 2 अरब डॉलर (करीब 190 अरब रुपये) का राजस्व कमाए और 2027 तक 80 अरब डॉलर (करीब 7,500 अरब रुपये) के इस बाजार का 15 फीसदी हिस्सा अपने नाम करे।
मीडियाटेक के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रिक त्साई के मुताबिक, यह कदम AI इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी दोनों क्षेत्रों में नवाचार की रफ्तार बढ़ाएगा।
गूगल जैसी साझेदारियों और विश्लेषकों के अनुमान से कंपनी को आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी।