NSE के 30,000 करोड़ रुपये के IPO को SEBI की मंजूरी
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) एक बड़ा आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी में है। इसके जरिए वह 30,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहता है।
इसके लिए वो अपनी कुल हिस्सेदारी का 6 प्रतिशत हिस्सा बेचेगा। इस सौदे के बाद एक्सचेंज की कीमत 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने अब इसे हरी झंडी दे दी है। NSE 11 सितंबर को अपने प्राइस बैंड का ऐलान करेगा और उम्मीद है कि शेयर 25 सितंबर को बाजार में आ जाएंगे।
LIC की सबसे बड़ी हिस्सेदारी
इस IPO में सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों की कई बड़ी कंपनियां अपनी हिस्सेदारी बेच रही हैं। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), बैंक ऑफ बड़ौदा और जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इसके अलावा, मॉर्गन स्टेनली और टेमासेक जैसे निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। LIC इस एक्सचेंज का सबसे बड़ा हिस्सेदार है, जिसके पास 10 प्रतिशत से ज्यादा की हिस्सेदारी है।
IPO के ऐलान की खबरों के बीच, न्यू इंडिया एश्योरेंस जैसे इससे जुड़े शेयरों में इस महीने 19 प्रतिशत तक की उछाल देखी गई है।