NSE ऐप और वेबसाइट में जोड़ेगी AI टूल, 20 करोड़ निवेशकों को होगा फायदा
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) अपने ऐप और वेबसाइट को तकनीकी तौर पर और बेहतर बना रहा है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल जोड़े जा रहे हैं, जो निवेशकों को अपना पोर्टफोलियो संभालने, सही स्टॉक चुनने और बेहतर विश्लेषण करने में सहायता करेंगें।
प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) आशीष कुमार चौहान ने दिवाली के दौरान इन बदलावों का ऐलान किया। इन नए फीचर्स का मकसद छोटे निवेशकों के लिए निवेश को आसान और ज्यादा जानकारी भरा बनाना है।
छोटे शहरों के निवेशकों को जोड़ने पर ध्यान
NSE पर 20 करोड़ से भी ज्यादा डीमैट अकाउंट जुड़े हुए हैं, ऐसे में इन नए बदलावों से बड़ी संख्या में निवेशकों को फायदा मिलेगा। चौहान ने यह भी कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 7 फीसदी से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ सकती है।
इससे बाजार मजबूत बना रहेगा, भले ही कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आए। उन्होंने निवेशकों को समझदारी से काम करने की सलाह दी। CEO ने कहा कि तुरंत फायदे के बजाय, लंबी अवधि के निवेश पर ध्यान देना चाहिए।
इसके साथ ही एक्सचेंज छोटे शहरों के ज्यादा लोगों को बाजार से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। यह मोबाइल के जरिए बाजार तक पहुंच को आसान बना रहा है और निवेश से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी चला रहा है।