NSE ला रहा करीब 280 अरब रुपये का ऐतिहासिक IPO
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) अपना 3 अरब डॉलर (करीब 280 अरब रुपये) का बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रहा है।
अगले सप्ताह से इसके लिए निवेशक रोडशो शुरू होंगे, जो अमेरिका ही नहीं, बल्कि लंदन, सिंगापुर, हांगकांग और कई दूसरे शहरों में भी किए जाएंगे।
एक्सचेंज ने पिछले महीने ही अपना ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस दाखिल कर दिया था। दरअसल, इस IPO से कंपनी के लिए नया पैसा नहीं जुटाया जा रहा, बल्कि इसके मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
लगभग 6 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना
NSE करीब 14.89 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का लगभग 6 फीसदी होगा। ग्रे मार्केट में इसकी कीमत 5,250 अरब रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। ऐसे में यह ऑफरिंग 2024 के हुंडई मोटर इंडिया के रिकॉर्ड तोड़ IPO को भी पीछे छोड़ सकती है।
इसको सफल बनाने के लिए करीब 20 बड़े बैंक जुड़े हुए हैं। IPO के अंतिम आकार और समय को लेकर अभी बातचीत जारी है, लेकिन अगर, सब योजना के मुताबिक रहा तो NSE भारतीय शेयर बाजार में IPO की शुरुआत के लिए एक नया कीर्तिमान बना सकता है।