NSDC, AWS और कल्टस एजुकेशन 1.5 लाख लोगों को देगी AI का प्रशिक्षण
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC), अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) और कल्टस एजुकेशन ने मिलकर एक ऐसा प्रोग्राम लॉन्च किया है, जिसका मुख्य मकसद 1.5 लाख लोगों को क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बुनियादी बातें सिखाना है।
इतना ही नहीं, AWS री/स्टार्ट प्रोग्राम के जरिए 10,000 शिक्षार्थियों को डिजिटल क्षेत्र की वास्तविक नौकरियों के लिए तैयार किया जाएगा। यह केवल सैद्धांतिक पढ़ाई नहीं होगी, बल्कि ऐसी ट्रेनिंग मिलेगी जो काम आएगी।
युवाओं के लिए शानदार मौका
यह ऑनलाइन ट्रेनिंग पूरे देश के युवाओं और सीखने वाले लोगों के लिए उपलब्ध है, खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों में रहने वालों को इसका फायदा मिलेगा।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने बताया कि इस पहल का मकसद भारत के कार्यबल को और ज्यादा समावेशी और भविष्य के लिए तैयार करना है, ताकि देश 'विकसित भारत 2047' के अपने सपने के और करीब पहुंच सके।
अगर, आप भी तकनीक के क्षेत्र में विश्व स्तर पर मान्य प्रमाण पत्र या नई नौकरियों के अवसर तलाश रहे हैं तो यह आपके लिए एक शानदार मौका हो सकता है।