एक ही जगह देख सकेंगे सभी UPI सब्सक्रिप्शन, NPCI ला रहा नया फीचर
नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे आप अपनी सभी यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) सब्सक्रिप्शन को एक ही जगह देख पाएंगे, भले ही वे किसी भी पेमेंट ऐप पर हों। अब अलग-अलग ऐप्स में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आपको बस एक ही जगह पता चल जाएगा कि आप किस-किस चीज के लिए भुगतान कर रहे हैं, लेकिन एक बात का ध्यान रखें अगर, किसी सब्सक्रिप्शन को कैंसिल या एडिट करना है तो आपको उसी ऐप पर जाना होगा, जहां से आपने उसे शुरू किया था।
UPI ऑटोपे में आया जबरदस्त उछाल
UPI ऑटोपे की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पिछले साल की तुलना में इस साल मई में इसके ट्रांजेक्शन की संख्या 57.70 करोड़ से बढ़कर 1.6 अरब पर पहुंच गई है।
इस सफलता का श्रेय भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और एयरटेल पेमेंट्स बैंक जैसे बैंकों को जाता है, लेकिन इसमें एक दिक्कत भी है। SBI के जरिए होने वाले लगभग 70 फीसदी ऑटोपे ट्रांजेक्शन फेल हो जाते हैं। इसके पीछे बैलेंस कम होने जैसी कारोबारी वजहें होती हैं।
ई-मैंडेट के लिए लॉन्च किय चैटबॉट
NPCI पहले ही ई-मैंडेट से जुड़े सवालों के लिए एक चैटबॉट लॉन्च कर चुका है और अब वह सभी मैंडेट्स को UPI ऐप्स में एक साथ दिखाने की तैयारी कर रहा है।
यह इसके बड़े प्लान का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य UPI के देशभर में लोकप्रिय होने के साथ-साथ पेमेंट को मैनेज करना और भी आसान बनाना है।