त्योहारी सीजन की राहत खत्म, अब बदलेगा UPI से भुगतान का तरीका
जल्द ही ऑनलाइन खरीदारी में एक नया खर्च जुड़ने वाला है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) 2,000 रुपये से ज्यादा के कुछ पर्सन टू मर्चेंट (P2M) यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) भुगतानों पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगाने जा रहा है। पहले यह शुल्क 15 अक्टूबर से शुरू होने वाला था, लेकिन अब इसे दिवाली के बाद तक टाल दिया गया है।
फिलहाल, सभी की नजरें नई तारीख पर टिकी हैं। दुकानदार और ग्राहक दोनों ही यह जानना चाहते हैं कि रोजमर्रा की खरीदारी पर इसका क्या असर होगा?
अधिकतम 300 रुपये शुल्क लगेगा
जब आप UPI से 2,000 रुपये से ज्यादा की खरीदारी करते हैं तो दुकानदार को MDR देना होगा। यह शुल्क 0.4 फीसदी तय किया गया है, लेकिन बड़े भुगतानों के लिए इसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये होगी।
इसका मतलब है कि 75,000 रुपये या उससे अधिक के भुगतान पर भी दुकानदार को 300 रुपये से ज्यादा नहीं चुकाना पड़ेगा। रेलवे और टेलीकॉम जैसी सेवाओं के लिए यह शुल्क केवल 5 रुपये है, वहीं शेयर बाजार से जुड़े भुगतानों पर यह दर और भी कम 0.02 फीसदी रहेगी और इसमें भी अधिकतम 300 रुपये की ही सीमा लागू होगी।
अच्छी बात यह है कि UPI के जरिए दोस्तों या परिवार वालों को सीधे पैसे भेजना पहले की तरह ही पूरी तरह मुफ्त रहेगा।