नोमुरा ने ABD के शेयर खरीदने की दी सलाह, 19 फीसदी ऊपर तय की लक्ष्य कीमत
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स (ABD) के शेयरों को 'बाय' रेटिंग दी है। इसके साथ ही, उन्होंने कंपनी के शेयर का लक्ष्य मूल्य 850 रुपये तय किया है, जो पिछले बंद भाव से करीब 19 फीसदी ज्यादा है।
फर्म का मानना है कि ABD प्रीमियम उत्पादों पर ज्यादा ध्यान दे रही है और अपने उत्पादन के तरीकों को भी स्मार्ट बना रही है। इसके अलावा, करेज फर्म का अनुमान है कि भारत-ब्रिटेन के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता भी कंपनी के मुनाफे को बढ़ाने में मदद करेगा।
30 फीसदी सालाना बढ़ोतरी का अनुमान
नोमुरा का मानना है कि ABD का प्रीमियम ड्रिंक्स पर ध्यान देना कंपनी के लिए काफी फायदेमंद होगा। उनका अनुमान है कि इससे कंपनी के प्रॉफिट मार्जिन में 300 बेसिस पॉइंट्स से ज्यादा की बढ़ोतरी हो सकती है।
इसके साथ ही, वित्तीय वर्ष 2026 से 2029 तक कंपनी के प्रति शेयर आय (EPS) में सालाना 30 फीसदी की मजबूत वृद्धि देखने को मिल सकती है।
फर्म के हिसाब से यह शेयर अभी भी अपने सेक्टर के मुकाबले अच्छे यानि प्रतिस्पर्धी मूल्यांकन पर कारोबार कर रहा है। बता दें कि इस साल जून की शुरुआत में ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने भी ABD के लिए एक टारगेट तय किया था। हालांकि, वह नोमुरा के टारगेट से कम था। जेफरीज ने भी कंपनी के नए उत्पादों और बेहतर कामकाज के चलते इसमें अच्छी वृद्धि की उम्मीद जताई थी।