टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट करने के विचार का विरोध किया है। हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की।
उनका कहना था कि अगर, कंपनी सार्वजनिक होती है तो समूह का ध्यान दान के कामों से हटकर केवल मुनाफे कमाने पर चला जाएगा। इससे टाटा के काम करने का मूल तरीका बदल जाएगा।
समूह की कंपनियों को मिलता है सहारा
नोएल ने बताया कि टाटा संस के निजी रहने से यह समूह की उन कंपनियों की मदद कर पाता है, जो मुश्किल दौर से गुजर रही होती हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, "यह एक अहम कड़ी है, जो पूरे समूह को जोड़े रखती है।" अगर, इसमें सार्वजनिक शेयरधारक आ जाते हैं तो उनका ध्यान चैरिटी के कामों और लंबी अवधि के प्रोजेक्ट्स से हट सकता है।
26 नवंबर को एक बड़ी बोर्ड मीटिंग होने वाली है। ऐसे में भारत के सबसे प्रतिष्ठित व्यावसायिक समूहों में से एक के भविष्य की दिशा अभी अधर में लटकी हुई है।