केंद्रीय वित्त मंत्री ने निवेशकों को भारत में AI-सेमीकंडक्टर में निवेश का दिया न्योता
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दुनियाभर के निवेशकों से भारत में मैन्युफैक्चरिंग बेस और इनोवेशन हब बनाने की अपील की है। शिकागो में एक गोलमेज बैठक के दौरान उन्होंने निवेशकों से कहा कि भारत अब व्यापार के अनुकूल सुधारों की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
वित्त मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत उत्पादन और नए आइडियाज के लिए एक खास ठिकाना बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
निवेश के लिए बताई ये खूबियां
सीतारमण ने कहा कि भारत के पक्ष में कुशल विशेषज्ञ, एडवांस तकनीक और बहुत बड़ा बाजार जैसी कई चीजें मजबूत हैं। उन्होंने कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, फूड प्रोसेसिंग और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में निवेश करने का न्योता दिया। यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) जैसे डिजिटल उपकरणों और गिफ्ट सिटी के तेज विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि ये सभी चीजें दिखाती हैं कि भारत बड़े निवेश और नई साझेदारियों के लिए तैयार है।