एक्सेंचर की चेतावनी के बाद निफ्टी IT इंडेक्स में आई 2 फीसदी की गिरावट
निफ्टी IT इंडेक्स मंगलवार (30 जून) को 2 फीसदी से ज्यादा नीचे लुढ़क गया। LTI माइंडट्री, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और विप्रो जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर भी गिरे।
यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब दुनियाभर का टेक्नोलॉजी सेक्टर मुश्किलों का सामना कर रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे नए तकनीकी बदलावों और विदेशी ग्राहकों की तरफ से मांग घटने से टेक उद्योग में उठापटक मची हुई है।
एक्सेंचर ने हाल ही में खर्च में कमी आने की चेतावनी दी थी, जिसने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है। इसी वजह से निवेशक अब कम समय में होने वाले मुनाफे को लेकर और भी सतर्क हो गए हैं।
कोफोर्ज में दिखी मजबूती
SBI सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव्स रिसर्च के प्रमुख सुदीप शाह बताते हैं कि इंडेक्स अब अपने अहम मूविंग एवरेज से नीचे आ गया है और यह अप्रैल, 2023 के निचले स्तर के करीब पहुंच रहा है।
कुल 12 IT शेयरों में से 8 में शॉर्ट सेलिंग बढ़ती दिख रही है। अगर, इंडेक्स 26,100 से 26,200 के मुख्य सपोर्ट जोन से और नीचे जाता है तो इस सेक्टर के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
इन सभी गिरावटों के बावजूद हाल के दिनों में सिर्फ कोफोर्ज ने ही थोड़ी मजबूती दिखाई है।