म्यूचुअल फंड में निवेश का नया रिकॉर्ड, सितंबर में SIP के जरिए आए 32,490 करोड़ रुपये
क्या है खबर?
आज के समय में म्यूचुअल फंड में लोग बड़े स्तर पर निवेश कर रहे हैं। इसकी एक झलक सितंबर, 2026 के आंकड़ों में भी देखने को मिली, जब सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश 32,490 करोड़ रुपये के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के मुताबिक, अगस्त में यह रकम 32,297 करोड़ रुपये थी। इस तरह एक महीने में 193 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
निवेश
SIP के जरिए 17.86 लाख करोड़ रुपये का निवेश
AMFI के मुताबिक, सितंबर में करीब 63 लाख नए SIP रजिस्ट्रेशन हुए।
SIP के जरिए किए गए निवेश की कुल संपत्ति 17.86 लाख करोड़ रुपये थी। SIP में निवेशक एक बार में बड़ी रकम लगाने के बजाय हर महीने तय रकम म्यूचुअल फंड में लगाते हैं।
अगस्त में मासिक SIP योगदान पहली बार 32,000 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंचा था। सितंबर में भी यह बढ़कर अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।
उद्योग
म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल संपत्ति में गिरावट
SIP निवेश बढ़ने के बावजूद म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल संपत्ति सितंबर में घट गई।
30 सितंबर को कुल प्रबंधनाधीन संपत्ति 82.64 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि अगस्त के अंत में यह 87.08 लाख करोड़ रुपये थी। यानी इसमें करीब 5.1 प्रतिशत की कमी आई।
इस गिरावट की एक वजह डेट म्यूचुअल फंड से बड़ी रकम निकलना रही। सितंबर में इन फंडों से 1.83 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश बाहर गया।
निवेश
इक्विटी फंड में निवेश 31 प्रतिशत बढ़ा
इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ा है।
सितंबर में इन योजनाओं को 38,306.55 करोड़ रुपये मिले, जो अगस्त के 29,328.62 करोड़ रुपये से करीब 31 प्रतिशत ज्यादा है। इक्विटी योजनाओं में 9,038.57 करोड़ रुपये स्मॉल-कैप फंडों में आए।
मिड-कैप फंडों को 7,834.84 करोड़ रुपये और फ्लेक्सी-कैप फंडों को 6,701.80 करोड़ रुपये मिले। आंकड़े बताते हैं कि एसआईपी निवेश बढ़ सकता है, भले ही बाजार मूल्य और निकासी के कारण कुल संपत्ति घट जाए।