ऐपल के भावी CEO ने रिटायर हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख को वापस बुलाया
ऐपल के अगले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनने वाले जॉन टर्नस ने हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख लौरा लेग्रोस को वापस बुला लिया है।
लौरा ने 2022 में रिटायरमेंट ले लिया था, लेकिन अब वे टर्नस के साथ एक नए उपाध्यक्ष के तौर पर जुड़ेंगी। वे सीधे टर्नस के अधीन काम करेंगी और उन्हें अपनी नई टीम बनाने में सहयोग देंगी।
टर्नस, टिम कुक की जगह लेने की तैयारी कर रहे हैं, जो अब कार्यकारी अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगे।
टर्नस तैयार कर रहे अपनी नई टीम
लेग्रोस और टर्नस पहले भी 2018 मैकबुक एयर और 2020 आईपैड एयर जैसे बड़े उत्पादों पर साथ मिलकर काम कर चुके हैं।
उनकी वापसी ऐसे समय में हुई है, जब ऐपल के कई बड़े अधिकारी रिटायर हो रहे हैं। सरकारी मामलों की प्रमुख केट एडम्स जल्द ही रिटायर होने वाली हैं और उनकी जगह जेनिफर न्यूस्टेड लेंगी।
ऐपल में लंबे समय से काम कर रहे कई और बड़े प्रमुख भी अब रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में यह साफ है कि टर्नस कंपनी के अगले पड़ाव के लिए एक नई टीम तैयार कर रहे हैं।