नेस्ले इंडिया को EPFO से मिला 36.36 लाख रुपये जमा करने का आदेश, क्या है मामला?
क्या है खबर?
मैगी और किटकैट जैसे उत्पाद बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से 36.36 लाख रुपये जमा करने का आदेश मिला है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि यह मांग वर्ष 2012 से 2019 के बीच के मामले से जुड़ी है। इसमें 20.09 लाख रुपये ब्याज और जुर्माने के रूप में शामिल हैं। यह आदेश EPFO के मैसूर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने जारी किया है।
वजह
किस वजह से EPFO ने की पैसों की मांग?
कंपनी के मुताबिक, EPFO ने कर्मचारी भविष्य निधि और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की 2 धाराओं के तहत यह आदेश जारी किया है।
धारा 7Q के अनुसार, नियोक्ता को बकाया राशि पर ब्याज देना होता है। वहीं, धारा 14B के तहत भविष्य निधि में तय समय पर योगदान जमा नहीं करने पर संगठन जुर्माना लगा सकता है।
इसी मामले में नेस्ले इंडिया से ब्याज और जुर्माने की रकम मांगी गई है।
असर
कंपनी के कारोबार पर क्या पड़ेगा असर?
नेस्ले इंडिया ने बताया कि उसे यह आदेश 26 नवंबर, 2026 को मिला था।
कंपनी का कहना है कि इस मांग का उसके वित्तीय हालात, कारोबार या दूसरी गतिविधियों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। फिलहाल कंपनी ने इस मामले में अपनी ओर से किसी अन्य कार्रवाई की जानकारी नहीं दी है।
EPFO की ओर से जारी आदेश में कुल 36.36 लाख रुपये जमा करने की मांग की गई है।
अन्य
मैगी और किटकैट जैसे ब्रांड बनाती है कंपनी
नेस्ले इंडिया देश की प्रमुख खाद्य और पेय पदार्थ कंपनियों में शामिल है।
इसके उत्पादों में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। शुक्रवार दोपहर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर 1,316.90 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
यह पिछले कारोबारी दिन के बंद भाव से 0.29 प्रतिशत नीचे था। कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग में EPFO से मिली मांग की जानकारी साझा की है।