नायरा एनर्जी ने पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर बढ़ाए 3 रुपये
नायरा एनर्जी ने शनिवार (3 अक्टूबर) से अपने सभी 7,108 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब वैश्विक बाजार में ऊर्जा की कीमतें काफी ऊंची चल रही हैं। इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि नायरा अपनी खुदरा कीमतों, अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और रिफाइंड उत्पादों की बढ़ती लागत के बीच के अंतर को कम करना चाहती है।
नुकसान के बावजूद सरकारी कंपनियों ने नहीं बढ़ाए दाम
इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल अपनी कीमतें नहीं बढ़ाई हैं।
ऐसे में नायरा के पेट्रोल और डीजल के दाम इन कंपनियों से काफी महंगे हो सकते हैं। उधर, जियो-बीपी ने भी अभी तक अपनी दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।
रेटिंग एजेंसी ICRA का कहना है कि सितंबर में जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम ऊंचे बने हुए थे, लेकिन खुदरा कीमतें ज्यादातर स्थिर थीं, तब तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को पेट्रोल पर करीब 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 9 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा था। इन कंपनियों को रोजाना लगभग 530 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा था।