अब इंडोनेशिया में भी हो सकेगा भारत के UPI से भुगतान
भारत का यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) अब इंडोनेशिया के पेमेंट सिस्टम से जुड़ने जा रहा है। इसका मतलब है कि दोनों देशों के लोग पहले से कहीं ज्यादा आसानी से पैसे भेज और पा सकेंगे, खरीदारी कर पाएंगे और घूमते समय भी भुगतान कर सकेंगे।
इस बड़ी घोषणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मिलकर किया है। दोनों नेताओं का कहना है कि इस पहल से न सिर्फ लेन-देन आसान होगा, बल्कि दोनों देशों के आर्थिक रिश्ते भी मजबूत होंगे।
दोनों देश अन्य क्षेत्रों में भी करेंगे सहयोग
बात सिर्फ डिजिटल भुगतान तक ही नहीं है। भारत और इंडोनेशिया स्टील और रेयर-अर्थ मैग्नेट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी मिलकर काम कर रहे हैं।
इतना ही नहीं दोनों देशों ने इंडोनेशिया के प्राचीन प्रम्बानन मंदिर को सहेजने के लिए भी हाथ मिलाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई है कि इन सभी प्रयासों से दोनों देशों की साझेदारी एक नए युग में प्रवेश करेगी और वे दुनिया के विकास में एक अहम भूमिका निभा पाएंगे।