नंदिनी दही की कीमत में हुई 2 रुपये कटौती, जानिए अब कितने हुए नए दाम
क्या है खबर?
कर्नाटक सरकार के निर्देश के बाद कर्नाटक को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड (KMF) ने नंदिनी दही की बिक्री कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी की है। नई दरें 29 नवंबर से लागू हो जाएंगी। KMF ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर उपभोक्ताओं के हित में यह फैसला लिया गया है। बदलाव के बाद नंदिनी दही के 500 ग्राम पैक की कीमत घटकर 33 रुपये होगी, जबकि एक किलोग्राम पैक की 66 रुपये कर दी गई है।
बदलाव
महीने की शुरुआत में बढ़ाए थे दाम
KMF के अनुसार, दुग्ध उत्पादकों के अनुरोध पर 1 नवंबर से नंदिनी दूध और दही की कीमतों में बदलाव किया गया था।
हालांकि, बाद में राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं के हित में फेडरेशन को दही की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम कम करने का निर्देश दिया।
इससे पहले कर्नाटक कैबिनेट ने दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, जो 1 नवंबर से लागू होगी।
उद्देश्य
उपभोक्ता और दुग्ध उत्पादकों के बीच संतुलन
KMF ने बताया कि यह सहकारी सिद्धांतों पर काम करता है और उपभोक्ताओं और दुग्ध उत्पादकों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखता है।
पिछले 5 दशकों से यह फेडरेशन डेयरी उत्पादों की आपूर्ति करने के साथ-साथ कर्नाटक के लाखों डेयरी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी मदद कर रहा है।
इसमें आगे कहा गया है कि नंदिनी ब्रांड को आधुनिक प्रोसेसिंग तकनीक, गुणवत्ता जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों का समर्थन प्राप्त है।