एन चंद्रशेखरन ने छोड़ा टाटा संस का पद, जानिए एक साल में कितनी रही कमाई
क्या है खबर?
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने पद छोड़ने का फैसला किया है, लेकिन उनके इस्तीफे के साथ उनकी कमाई भी चर्चा में आ गई है। कंपनी की सालाना रिपोर्ट में उनके मेहनताने से जुड़े आंकड़े सामने आए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में चंद्रशेखरन को कुल 158.6 करोड़ रुपये मिले, जो कंपनी द्वारा निदेशकों के वेतन का खुलासा शुरू करने के बाद उनका सबसे ज्यादा सालाना भुगतान है। उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में खत्म होगा।
वेतन
कितना रहा उनका वेतन?
चंद्रशेखरन की कुल कमाई में 17.9 करोड़ रुपये वेतन और भत्तों के रूप में शामिल थे। वहीं, उन्हें 140.7 करोड़ रुपये कमीशन के तौर पर मिले।
टाटा संस की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में उनका कुल भुगतान कंपनी के सभी निदेशकों को दिए गए मेहनताने का करीब 80 प्रतिशत था।
इसके साथ ही, पिछले पांच वित्तीय वर्षों में चंद्रशेखरन की कुल कमाई लगभग 685 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
कमाई
कमाई में लगातार बढ़ोतरी
चंद्रशेखरन की कमाई में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगातार बढ़ोतरी देखी गई।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्हें 155 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनका कुल मेहनताना 134.8 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह वित्तीय वर्ष 2025-26 उनके लिए पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा भुगतान वाला साल रहा है।
हालांकि, उनकी कमाई HCL टेक के CEO सी विजयकुमार से कम रही, जिन्हें इसी अवधि में 176 करोड़ रुपये मिले।
अन्य
सौरभ अग्रवाल दूसरे सबसे ज्यादा भुगतान पाने वाले
टाटा संस के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सौरभ अग्रवाल वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी के दूसरे सबसे ज्यादा भुगतान पाने वाले अधिकारी रहे।
उन्हें कुल 34 करोड़ रुपये मिले, जिसमें 26 करोड़ रुपये कमीशन के तौर पर शामिल थे। चंद्रशेखरन और अग्रवाल के अलावा सात निदेशकों को कोई वेतन नहीं मिला।
हालांकि, छह बोर्ड सदस्यों को 1 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक कमीशन दिया गया। वेणु श्रीनिवासन को कोई वेतन या कमीशन नहीं मिला।