'प्रधानमंत्री अंबानी' लिखकर मस्क ने कसा तंज, कहा- आप भारत के असली बॉस हैं
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क ने आज मुकेश अंबानी पर तंज करते हुए फिर एक पोस्ट किया है। मस्क ने अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को भारत में कारोबार करने की अनुमति देने की अपील की है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में अंबानी को भारत का असली बॉस बताते हुए उनसे प्रतिस्पर्धा का मौका देने की बात कही। मस्क ने यह भी दावा किया कि स्टारलिंक की सेवा से देश के उन इलाकों में इंटरनेट पहुंच सकता है, जहां इसकी सुविधा नहीं है।
पोस्ट
पोस्ट में अंबानी से क्या बोले मस्क?
मस्क ने लिखा, "प्रिय प्रधानमंत्री अंबानी, मुझे यह समझने में देर हुई कि आप ही भारत के असली बॉस हैं, इसके लिए मेरी विनम्र माफी स्वीकार करें। स्वाभाविक है कि आप भारत के लोगों का एकाधिकार के जरिए फायदा उठाना जारी रखना चाहेंगे, लेकिन क्या आप फिर भी स्टारलिंक को प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे?"
यह टिप्पणी मस्क ने व्यंग्यात्मक अंदाज में की और इसमें अंबानी पर बाजार में एकाधिकार बनाए रखने का आरोप लगाया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Also, Starlink has proven to be essential for saving lives during natural disasters throughout the world, when all other communications systems have failed, so you would also be helping save men, women and children throughout India. 🇮🇳
— Elon Musk (@elonmusk) October 9, 2026
मुद्दा
मस्क ने इंटरनेट और शिक्षा का मुद्दा उठाया
मस्क ने कहा कि भारत के कई हिस्सों में इंटरनेट की सुविधा नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई और छोटे कारोबारियों के अवसर प्रभावित होते हैं।
उनके मुताबिक, इंटरनेट मिलने से बच्चे शिक्षा के नए साधनों तक पहुंच सकेंगे और छोटे कारोबारी अपने उत्पाद दुनियाभर के ग्राहकों को बेच पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि स्टारलिंक इन लोगों की जिंदगी बेहतर बना सकती है।
मस्क ने प्राकृतिक आपदाओं के दौरान संचार व्यवस्था बनाए रखने में भी इस सेवा को उपयोगी बताया।
संचार व्यवस्था
आपदा के समय संचार व्यवस्था का भी दिया हवाला
मस्क ने यह भी कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब दूसरे संचार माध्यम काम करना बंद कर देते हैं, तब स्टारलिंक मददगार साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि भारत में इसकी सेवा शुरू होने से पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जान बचाने में भी मदद मिल सकती है।
हालांकि, ये मस्क के दावे हैं। भारत में स्टारलिंक की सेवा शुरू होने के लिए जरूरी सरकारी मंजूरी और नियमों का पालन अहम होगा।
निशाना
दो दिनों से निशाना साध रहे मस्क
मस्क पिछले 2 दिनों से लगातार पोस्ट के जरिए भारत में स्टारलिंक की शुरुआत में हो रही देरी का मुद्दा उठा रहे हैं।
इससे पहले उन्होंने कहा था कि स्टारलिंक 165 से ज्यादा देशों में अपनी सेवाएं दे रही है और भारत की सुरक्षा व नियामकीय जरूरतों को पूरा करने में 5 साल बिताने के बावजूद उसे अनुमति क्यों नहीं मिली है।
उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं।