Page Loader
अमेरिकी रक्षा विभाग करेगा एलन मस्क के ग्रोक का उपयोग, हुआ 1,700 करोड़ रुपये का सौदा
मस्क की xAI और पेंटागन के बीच सौदा

अमेरिकी रक्षा विभाग करेगा एलन मस्क के ग्रोक का उपयोग, हुआ 1,700 करोड़ रुपये का सौदा

Jul 15, 2025
11:26 am

क्या है खबर?

अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI के साथ बड़ा समझौता किया है। यह डील ग्रोक AI चैटबॉट को सरकारी उपयोग के लिए लाने के उद्देश्य से की गई है। समझौते की कुल राशि 20 करोड़ डॉलर (लगभग 1,700 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। यह समझौता मस्क की कंपनी के 'ग्रोक फॉर गवर्नमेंट' प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा में AI के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है।

उपयोग

ग्रोक अब सरकारी जरूरतों के लिए किया जाएगा तैयार 

xAI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस अनुबंध के तहत अमेरिकी सरकारी एजेंसियों को ग्रोक 4 चैटबॉट का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों के लिए कस्टम AI टूल्स और तकनीकी सहायता भी दी जाएगी। पेंटागन ने गूगल, OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी अन्य प्रमुख AI कंपनियों को भी इसी तरह के अनुबंध दिए हैं, जिनकी अधिकतम सीमा 20 करोड़ डॉलर तय की गई है।

विवाद

ग्रोक पर हिटलर की प्रशंसा को लेकर विवाद 

यह सौदा ऐसे समय हुआ है जब ग्रोक चैटबॉट पर हाल ही में यहूदी विरोधी और हिटलर की प्रशंसा जैसे पोस्ट को लेकर आलोचना हुई थी। मस्क ने खुद कहा था कि बॉट 'बहुत ज्यादा आज्ञाकारी' है और उसे 'छेड़छाड़' कर ऐसा बनवाया गया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस खामी को ठीक किया जा रहा है। इसके बावजूद, पेंटागन द्वारा xAI को यह बड़ा अनुबंध दिया जाना, कंपनी के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।

 संबंध

ट्रंप प्रशासन के साथ संबंधों में भी उतार-चढ़ाव 

यह डील मस्क और ट्रंप के बीच बदलते रिश्तों के बीच हुई है। कभी ट्रंप का समर्थन करने वाले मस्क ने उनके खर्च वाले विधेयक की आलोचना के बाद सरकारी डिपार्टमेंट डोगे से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच, ट्रंप ने मस्क पर सरकारी डाटा तक पहुंच की बात उठाई थी। विवादों के बावजूद, xAI का सरकारी भागीदारी बढ़ती जा रही है और ग्रोक के जरिए डाटा तक पहुंच का रास्ता फिर से खुल सकता है।