MSC ने अडाणी के विझिंजम इंटरनेशनल सीपोर्ट में खरीदेगी हिस्सेदारी
मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी (MSC) अडाणी के विझिंजम इंटरनेशनल सीपोर्ट में 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीद रही है। इस सौदे के लिए कंपनी लगभग 1.4 अरब डॉलर (करीब 13,000 करोड़ रुपये) खर्च कर रही है।
हालांकि, यह सौदा अभी नियामक मंजूरियों का इंतजार कर रहा है, लेकिन यह भारत में विदेशी बंदरगाहों में हुए सबसे बड़े निवेशों में से एक है।
यह दर्शाता है कि दुनियाभर की बड़ी कंपनियां भारतीय बंदरगाहों में खास दिलचस्पी ले रही हैं।
AI आधारित सिस्टम से संचालित है यह बंदरगाह
विझिंजम कोई साधारण बंदरगाह नहीं है। यह भारत का पहला पूरी तरह से ऑटोमेटेड और डीप-वाटर ट्रांसशिपमेंट हब है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम पर चलता है और बड़े-बड़े जहाजों को आसानी से संभालता है।
2024 के आखिर में शुरू होने के बाद से इसकी क्षमता सालाना 16 लाख कंटेनर संभालने की है और 2028 तक इसे बढ़ाकर 57 लाख करने का लक्ष्य है।
प्रमुख शिपिंग मार्गों के पास इसके रणनीतिक स्थान के कारण अब दुनिया का माल दूसरे एशियाई बंदरगाहों के बजाय भारत से होकर गुजर सकता है। यह देश के व्यापार के लिए एक बड़ा बदलाव ला सकता है।