AI के कारण भारत की चमक फीकी, मॉर्गन स्टेनली ने बताई विदेशी निवेशकों की नई पसंद
मॉर्गन स्टेनली इंडिया के प्रबंध निदेशक रिधम देसाई के मुताबिक, विदेशी निवेशक अब भारत से अपना ध्यान हटाकर उन देशों की ओर लगा रहे हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की लहर पर सवार हैं। इनमें दक्षिण कोरिया, ताइवान, जापान और अमेरिका जैसे देश शामिल हैं।
देसाई ने बताया कि कोरिया में कमाई की बढ़त सैकड़ों प्रतिशत में है, जबकि ताइवान, जापान, अमेरिका और यूरोप के कुछ हिस्सों में यह 30 से 50 प्रतिशत के आस-पास है, वहीं भारत में यह सिर्फ 12 से 14 प्रतिशत तक सिमटी हुई है।
इन देशों में AI के दम पर निवेश का, जो मजबूत चक्र चल रहा है, वह कम से कम अगले साल तक दुनियाभर से पैसा अपनी तरफ खींचता रहेगा।
खुदरा निवेशक कर रहे हैं रिकॉर्ड निवेश
एक तरफ जहां विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे हैं, वहीं भारतीय रिटेल निवेशक जोर-शोर से स्थानीय शेयरों में रिकॉर्ड तोड़ निवेश कर रहे हैं।
रिटेल निवेशकों के लगातार मिल रहे इस समर्थन ने बाजार के उतार-चढ़ाव के दौरान भारतीय बाजारों को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
देसाई ने यह भी सुझाव दिया कि अगर, विदेशी निवेशकों के लिए भारत में निवेश करना आसान बनाया जाए तो भविष्य में यह वैश्विक पैसा कुछ हद तक वापस आ सकता है।