ओयो अब भारत से ज्यादा अमेरिका में कर रही कमाई, IPO दस्तावेज में खुलासा
बिज़नेस
ओयो के हालिया आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) दस्तावेजों से एक बड़ा बदलाव सामने आया है। अब कंपनी का आधे से ज्यादा कारोबार अमेरिका से आ रहा है, जबकि भारत का योगदान 12 फीसदी से भी कम रह गया है।
कंपनी को कभी एक भारतीय बजट होटल ब्रांड के रूप में जाना जाता था, लेकिन विदेश में दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के दम पर इसने अपनी पहुंच काफी बढ़ाई है।
इसमें अमेरिका की G6 हॉस्पिटैलिटी और यूरोप की लेजर ग्रुप का अधिग्रहण शामिल है।
IPO को SEBI से मिल चुकी है मंजूरी
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से 6,650 करोड़ रुपये के IPO को मंजूरी मिलने के बाद ओयो अब इसकी तैयारी में जुटा है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के पहले 9 महीनों के लिए अपने वित्तीय नतीजे पेश किए हैं। इनके अनुसार, कंपनी ने इस अवधि में 6,941 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया है और 748 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है।