आरोपों से घिरी मूनशॉट के IPO पर संकट, समझौते पर कर रही बातचीत
चीनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप मूनशॉट AI हांगकांग में अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी में है। इसी बीच वह एक शेयरधारक के साथ मामला सुलझाने की कोशिश में लगी है।
यह सब तब सामने आया, जब चीनी एंटरप्राइज़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेल्स-टेक कंपनी रिकरेंट डॉट AI ने मूनशॉट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) यांग झिलिन और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) झांग युताओ पर निवेशकों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
साथ ही उन पर बिना इजाजत कंपनी का अहम डाटा कथित तौर पर अपने निजी फायदे के लिए हटाने का भी आरोप है। फिलहाल, यह विवाद मध्यस्थता प्रक्रिया में है। हालांकि, मूनशॉट ने इस बीच गुप्त तरीके से IPO के लिए आवेदन कर दिया है।
अघोषित शेयरहोल्डिंग से पैदा हुई नई चिंताएं
अपने लोकप्रिय किमी AI मॉडल के लिए मशहूर मूनशॉट को अलीबाबा जैसी बड़ी कंपनियों का भी समर्थन हासिल है। हालांकि, मौजूदा कानूनी विवाद के चलते कंपनी के कामकाज पर कई सवाल उठ रहे हैं।
इसके अलावा, कंपनी के अध्यक्ष झांग यूटोंग की अघोषित शेयरहोल्डिंग को लेकर भी नए सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि ये सभी मुद्दे संभावित निवेशकों के लिए कंपनी के कामकाज, मालिकाना हक और पारदर्शिता से जुड़े कई सवाल खड़े कर सकते हैं। इतना ही नहीं इनसे कंपनी की लिस्टिंग की प्रक्रिया भी और उलझ सकती है।