मोमेंटा ने हांगकांग में लॉन्च किया IPO, करीब 7,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
चीन की सेल्फ-ड्राइविंग टेक कंपनी मोमेंटा ने हांगकांग में अपना आंरभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च किया है। कंपनी ने लगभग 75.1 करोड़ डॉलर (करीब 7,000 करोड़ रुपये) जुटाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए वह करीब 2 करोड़ शेयर बेचेगी।
इन शेयरों की ट्रेडिंग 8 जुलाई से शुरू होगी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन की खूब चर्चा है और चीन भी अपनी घरेलू तकनीक को बढ़ावा देने में पूरी ताकत लगा रहा है।
फंड का 60 फीसदी शोध पर होगा खर्च
मोमेंटा जुटाए गए फंड का 60 फीसदी शोध कार्य पर खर्च करने की योजना बना रही है। इसमें बेहतर AI तकनीक विकसित करना, ज्यादा डाटा स्टोर करने की क्षमता बढ़ाना और इंजीनियर्स को काम पर रखना शामिल है।
बाकी बचा 20 फीसदी हिस्सा कंपनी अपनी रोबोटैक्सी सर्विस को शुरू करने पर लगाएगी। मर्सिडीज-बेंज और ब्लैक रॉक जैसी बड़ी कंपनियां इस IPO का समर्थन कर रही हैं।
2016 में शुरू हुई मोमेंटा ने अब तक टोयोटा और BYD जैसे ऑटोमेकर्स के साथ साझेदारी की है। 2025 के अंत तक 6.8 लाख से ज्यादा गाड़ियों में मोमेंटा का सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किया जा रहा था और कंपनी भविष्य के विकास के लिए अभी भी बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है।