मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स के IPO में निवेश करने का मौका, जानिए कब कर सकेंगे आवेदन
दिग्गज वैश्विक निवेशक टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल ग्रुप के समर्थन वाली कंपनी मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) ला रही है।
कंपनी ने अपने शेयरों का प्राइस बैंड 768 से 807 रुपये के बीच तय किया है। अगर, आप इसमें निवेश करने का सोच रहे हैं तो 10 से 12 अगस्त के बीच आवेदन कर सकते हैं।
इस पेशकश में कंपनी 200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारक ऑफर फोर सेल (OFS) के तहत अपनी हिस्सेदारी भी बेचेंगे।
R&D सेंटर बनाने की योजना
जुटाई गई रकम का एक बड़ा हिस्सा करीब 105.5 करोड़ रुपये मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बिगटेक के जरिए एक नए रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने में खर्च होगा।
दूसरी तरफ, 72.2 करोड़ रुपये का इस्तेमाल गोवा और विशाखापट्टनम में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने में किया जाएगा। बाकी बचे पैसे सामान्य कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए रखे गए हैं।
वित्त वर्ष 2026 में मोल्बियो का शुद्ध लाभ 14.8 फीसदी बढ़कर 166.6 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का राजस्व भी 41.7 फीसदी बढ़ गया। कंपनी के शेयर 17 अगस्त को लिस्ट हो सकते हैं। इस IPO के बाद, कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी मौजूदा 46.65 फीसदी से कम हो जाएगी। निवेश के लिए कम से कम 18 इक्विटी शेयर खरीदने होंगे। इसके बाद आप 18 के गुणक में शेयर खरीद सकते हैं।