मिरे एसेट ने लॉन्च किया लाइफ साइकिल फंड 2056, जानिए कब कर सकते हैं निवेश
मिरे एसेट म्यूचुअल फंड ने हाल ही में लाइफ साइकिल फंड 2056 नाम की एक ओपन-एंडेड स्कीम शुरू की है। यह स्कीम 2056 में परिपक्व होगी।
अगर, आप लंबे समय के निवेश में दिलचस्पी रखते हैं तो इस न्यू फंड ऑफर (NFO) में 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक पैसा लगा सकते हैं। इसमें आप एक बार में 5,000 रुपये या मासिक सिस्टमैटिक इंवेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए कम से कम 99 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। इसके बाद 21 अक्टूबर से दोबारा आवेदन लिए जाएंगे।
फंड अलग-अलग विकल्पों में करता है निवेश
यह फंड आपके पैसे को इक्विटी, डेट, गोल्ड, सिल्वर, इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट ट्रस्ट (InvITs) और आर्बिट्रेज जैसे अलग-अलग विकल्पों में लगाता है।
इससे आपके निवेश में अच्छी विविधता मिलती है। यह फंड मुख्य रूप से निफ्टी 500 TRI और निफ्टी शॉर्ट ड्यूरेशन डेट इंडेक्स को ट्रैक करता है। इसमें इक्विटी का हिस्सा शुरुआत में 65 से 95 फीसदी तक ज्यादा रखा जाता है, लेकिन मैच्योरिटी से पहले इसे धीरे-धीरे घटाकर 5 फीसदी तक कर दिया जाता है।
जोखिम को समय के साथ कम करने के लिए इस 'ग्लाइड पाथ' तरीके का इस्तेमाल किया जाता है। इस फंड को हर्षद बोरावाके (इक्विटी), बसंत बाफना (डेट) और रितेश पटेल (कमोडिटी) मिलकर संभालेंगे।
अगर, आप पहले 3 साल के भीतर पैसे निकालते हैं तो आपको एग्जिट लोड देना होगा, जो पहले साल में 3 फीसदी से शुरू होता है।